भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में युवती को कथित रूप से झूठी पहचान बताकर अपने साथ दिल्ली ले जाने के मामले में पुलिस सोमवार को आरोपी से विस्तृत पूछताछ करेगी। युवती को दिल्ली से सुरक्षित रेस्क्यू कर भोपाल लाया जा चुका है। मामले में पुलिस युवती, आरोपी और दोनों पक्षों के परिजनों के बयान दर्ज कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, 2021 की धारा 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद सक्रिय हुई पुलिस
युवती के पिता के अनुसार, बेटी के लापता होने के बाद उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग से सहायता मांगी। उनका कहना है कि उन्होंने तड़के करीब साढ़े तीन बजे मंत्री से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मंत्री ने भोपाल और दिल्ली पुलिस, रेलवे अधिकारियों तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। इसी के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से युवती को सुरक्षित बरामद किया। भोपाल पुलिस की टीम और परिजन युवती को लेकर वापस भोपाल पहुंच चुके हैं।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, मामला निशातपुरा थाना क्षेत्र से जुड़ा है। शिकायत में युवती ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर खुद को ‘क्रिस जैन’ बताने वाले युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने स्वयं को हिंदू और संपन्न परिवार से होने का दावा कर उसका विश्वास जीता। इस दौरान उसने युवती की मां से भी कई बार फोन पर बातचीत की। शिकायत के अनुसार, आरोपी करोंद क्षेत्र की एक मिठाई की दुकान पर काम करने लगा और हाथ में कलावा पहनकर खुद को हिंदू बताता रहा।
RSS की शाखा का वीडियो सोशल मीडिया पर किया पोस्ट… छात्र पर थाने में केस दर्ज
दिल्ली पहुंचने के बाद सामने आई दूसरी पहचान
युवती ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि दिल्ली पहुंचने पर युवक ने अपना वास्तविक नाम जुम्मन अंसारी बताया। उसने कथित तौर पर कहा कि निकाह मस्जिद में होगा और इसके लिए धर्म परिवर्तन करना पड़ेगा। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उस पर दबाव बनाया गया और धमकियां भी दी गईं। इसी दौरान नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद रेलवे पुलिस उन्हें जीआरपी थाने ले गई।
23 जुलाई को भोपाल से दिल्ली रवाना हुए
पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई को आरोपी ने युवती के पिता से फोन पर विवाह की इच्छा जताई थी। उसी दिन वह युवती को भोपाल रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचा और दिल्ली चलकर शादी करने की बात कही। शिकायत के अनुसार, युवती द्वारा मना करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। भय के कारण युवती उसके साथ ट्रेन से दिल्ली चली गई।
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्य, दोनों पक्षों के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के अनुरूप आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
