भोपाल/खबर डिजिटल। नगरीय यातायात पुलिस भोपाल ने अनंत चतुर्दशी गणेश विसर्जन के अवसर पर 6 सितम्बर 2025 को यातायात और वाहन डायवर्सन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
शनिवार सुबह 9 बजे से छोटे-छोटे जुलूसों के रूप में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ एवं हताईखेड़ा डेम पर किया जाएगा। शाम 7 बजे भारत टॉकीज चौराहे से मुख्य चल समारोह प्रारंभ होगा, जो इतवारा, मंगलवारा, जुमेराती, मोती मस्जिद, कमला पार्क होते हुए कमलापति घाट पर संपन्न होगा। कुछ झांकियां पॉलीटेक्निक चौराहा से होकर प्रेमपुरा घाट जाएंगी।
ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
- सुबह 8 बजे से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
- शाम 5 बजे से भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज चौराहे की ओर बस व अन्य वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- शाम 6 बजे से मंगलवारा, दयानंद चौक, जुमेराती, पुरानी सब्ज़ी मंडी से घोड़ा नक्कास और बस स्टैंड की ओर ट्रैफिक बंद रहेगा।
- रात 8 बजे के बाद तीन मोहरा से भोपाल टॉकीज की ओर जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग से गुजर सकेंगे।
- अल्पना टॉकीज से नादरा बस स्टैंड जाने वाले वाहन संगम टॉकीज तिराहा मार्ग का उपयोग करेंगे।
- जुलूस मंगलवारा पहुँचने पर सेन्ट्रल लाइब्रेरी व छावनी रोड से इतवारा की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
- जुलूस जुमेराती पहुँचने पर रायल मार्केट से पीरगेट और रेतघाट पहुँचने पर करबला, पोलिटेक्निक व कमला पार्क की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
- भारत माता चौराहा आने पर भदभदा पुल से सिटी डिपो की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
बैरागढ़ व खजूरी क्षेत्र
बैरागढ़ और खजूरी से निकलने वाले जुलूस सीहोर रोड विसर्जन स्थल पर पहुँचेंगे। ऐसे में इंदौर/देवास और भोपाल की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग (लालघाटी–गांधीनगर–एयरपोर्ट तिराहा–भौरी–खजूरी बायपास) से गुजरना होगा।
वैकल्पिक रूट
कुछ प्रतिमाएं भारत टॉकीज से सुल्तानिया अस्पताल, काली मंदिर, रोशनपुरा और जवाहर चौक होते हुए प्रेमपुरा घाट जाएंगी। इस दौरान—
भारत टॉकीज की ओर रेल्वे स्टेशन से आवागमन संभव नहीं होगा।
बोगदा पुल से भारत टॉकीज की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
तलैया पहुँचने पर पुलिस कंट्रोल रूम से भारत टॉकीज मार्ग बंद रहेगा।
रोशनपुरा, अपेक्स बैंक, लिंक रोड-1 और बोर्ड ऑफिस से ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
देर रात 2 बजे के बाद पॉलीटेक्निक से रेतघाट/वीआईपी रोड पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित होगा।
यात्री बसों की व्यवस्था
- इंदौर, सीहोर आदि से आने वाली बसें हलालपुरा स्टैंड पर ही समाप्त होंगी।
- आईएसबीटी से चलने वाली बसें भारत टॉकीज मार्ग से प्रतिबंधित रहेंगी और बायपास से चलेंगी।
- गुना और ग्वालियर की बसें हलालपुरा स्टैंड से संचालित होंगी।
- बैरसिया बस स्टैंड से आने वाली बसें बेस्ट प्राइज तिराहा पर समाप्त होंगी।
- होशंगाबाद, बैतूल, छिंदवाड़ा, सागर, पन्ना, छतरपुर से आने वाली बसें बायपास का उपयोग करेंगी।
पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे गणेश विसर्जन के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था में सहयोग दें। किसी भी असुविधा पर यातायात हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 पर संपर्क करें।


