भोपाल/खबर डिजिटल/ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा प्रवास पर थे। इस दौरान वह त्रयोदशी के अवसर पर बाड़ वाले गणेश मंदिर पहुंचे और परिवार सहित विधिवत दर्शन-पूजन कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, देश के कई राज्यों में इस समय भीषण बाढ़ आई हुई है और पंजाब गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि हम सबको आगे बढ़कर पंजाब सहित बाढ़ पीड़ित भाई-बहनों की सेवा करनी चाहिए और संकट की इस घड़ी में उनका सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने दूसरा संकल्प देशवासियों को स्वदेशी अपनाने का दिलाया। श्री चौहान ने कहा कि हमारे देश में बने उत्पाद ही हमारी अर्थव्यवस्था और रोजगार का आधार हैं। हमें संकल्प लेना चाहिए कि, देश के लिए जिएं और अपने देश में बनी चीजों का उपयोग करें, यही सच्चे अर्थों में राष्ट्रसेवा है।
वहीं तीसरी अपील उन्होंने नशामुक्ति के लिए की। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि नशा नाश की जड़ है, यह शरीर, परिवार और बुद्धि को बर्बाद कर देता है। इसलिए सभी लोग संकल्प लें कि, जीवन में कभी नशा नहीं करेंगे। स्वस्थ शरीर ही धर्म और कर्तव्य पालन का आधार है।


