भोपाल/खबर डिजिटल। त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए भोपाल पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में थाना टीला पुलिस ने शनिवार रात गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान गदर मचा रहे सक्रिय बदमाश भरत उर्फ गोलू पवार को अवैध धारदार छुरी सहित गिरफ्तार किया।
सूचना पर पहुंची पेट्रोलिंग पार्टी ने आरोपी को मौके पर दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक धारदार छुरी बरामद हुई। आरोपी पर धारा 170 BNSS एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी भरत उर्फ गोलू पवार पर मारपीट, अपहरण, छेड़छाड़, बलात्कार और हत्या के प्रयास जैसे 14 गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
त्योहारों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि चाकूबाजों और गुण्डा बदमाशों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


