भोपाल, 05 फरवरी 2026 (Khabar Digital)। निशातपुरा स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक पत्रिका “आयाम-2026” का भव्य विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर, एसडीएम तथा जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. अहिरवार सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने किया विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण
कार्यक्रम से पहले कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, भाषा प्रयोगशाला, पुस्तकालय तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
भाषा प्रयोगशाला में विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे प्रयोगों और नवाचारों की विशेष रूप से सराहना की गई। साथ ही करियर मार्गदर्शन कक्ष का अवलोकन करते हुए करियर काउंसलर ओंकार कर्मा से विद्यार्थियों को दिए जा रहे मार्गदर्शन की जानकारी प्राप्त की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ मुख्य समारोह
सांस्कृतिक हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से किया गया। विद्यालय की उप प्राचार्य सुनीता चोलकर ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद राकेश श्रीवास्तव द्वारा विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें पूरे वर्ष की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी गई।
जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. अहिरवार ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझाया।
कलेक्टर ने दिए सफलता के महत्वपूर्ण टिप्स
मुख्य अतिथि कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि –
“जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और समय प्रबंधन सबसे जरूरी हैं। परीक्षा में अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन लाइफ स्किल्स उससे भी अधिक मायने रखती हैं।”उन्होंने विद्यार्थियों को संवाद कौशल, आत्मविश्वास, प्रश्न पूछने की आदत, लैंगिक समानता और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया। कलेक्टर ने अपने जीवन के अनुभव साझा कर बच्चों को भविष्य के लिए प्रेरित किया।
‘आयाम-2026’ पत्रिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की उपलब्धियों को समेटे वार्षिक पत्रिका “आयाम-2026” का विधिवत विमोचन किया गया। विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में स्मृति चिह्न प्रदान किए गए तथा विद्यालय की प्राचार्य आर सी जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।


