कटनी/ खबर डिजिटल/ बस स्टैंड चौकी क्षेत्र अंतर्गत श्मशान घाट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद भड़क उठा और देखते ही देखते मामला खूनी झगड़े में बदल गया।
जानकारी के अनुसार रबर फैक्ट्री क्षेत्र निवासी चौधरी परिवार के लोग एक परिजन के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो पक्ष में पुराना विवाद फिर ताजा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के लोगों ने चाकू निकाल लिए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
घटना में दोनों पक्षों के कुल पाँच लोग घायल हुए हैं — एक पक्ष से तीन और दूसरे पक्ष से दो। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बस स्टैंड चौकी पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


