सीहोर/ बुधनी/कन्हैया नाथ/ खबर डिजिटल/ जिले से एक हृदयविदारक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवा बाबा कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में रहने वाली किरण परी दायमा का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बताया जा रहा है कि किरण ने करीब 10 महीने पहले प्रेम विवाह किया था और वह अपने पति के साथ उक्त मकान में रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना उस समय सामने आई जब कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और तहसीलदार तत्काल मौके पर पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया, जहां किरण का शव फंदे से झूलता मिला।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर बिंदु पर जांच कर रही है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।


