भोपाल/ परवेज खान/ खबर डिजिटल/ राजधानी के टीटी नगर दशहरा मैदान में शुक्रवार को राज्यस्तरीय संविदा अधिकारी-कर्मचारी महासम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन संविदा संयुक्त संघर्ष मंच और संविदा कर्मचारी अधिकारी महासंघ के बैनर तले किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
नियमितीकरण और समान वेतन की उठी मांग
महासम्मेलन में संविदाकर्मियों ने अपनी प्रमुख मांगें रखीं। इनमें नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन के आधार पर महंगाई भत्ता देने और पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा घोषित संविदा नीति 2023 को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग प्रमुख रही। कर्मचारियों ने नीति में लंबित प्रावधानों को जल्द लागू करने पर जोर दिया।
2023 की संविदा नीति हर हाल में लागू होगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के प्रमुख सचिवों को मांगों से अवगत कराया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम ने स्पष्ट किया कि 2023 की संविदा नीति को हर हाल में लागू किया जाएगा।
संविदाकर्मियों के हक में सरकार
सीएम ने कहा कि स्वास्थ्य, स्वच्छ भारत मिशन, ई-गवर्नेंस सहित कई विभागों में संविदाकर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हर हक के लिए साथ खड़ी है और किसी का दिल नहीं तोड़ा जाएगा। विसंगतियों को दूर कर अधिकतम लाभ देने का प्रयास किया जाएगा।


