Datia By-Election: मध्यप्रदेश की राजनीति में उस समय भूचाल आया जब एमपी एमएलए कोर्ट ने दतिया सीट से कांग्रेस विधायक को एक मामले में दोषी ठहराया और उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया। कोर्ट के फैसले के बाद पुलिस ने कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। कल पुलिस कांग्रेस विधायक को कोर्ट में पेश करेगी, जिसके बाद उन्हें जेल मिलेगी या फिर बेल इस पर फैसला होगा।
दतिया में होगा उपचुनाव?
कोर्ट में पेशी होने से पहले और उन्हें सजा सुनाई जाने से पहले राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है। क्योंकि कोर्ट के फैसले से दतिया में उपचुनाव होने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। वही चर्चा विषय है कि पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को नवग्रह मंदिर फल गया है। अगर दतिया सीट पर उपचुनाव होते है तो नरोत्तम मिश्रा फिर से विधायक बनेंगे और मोहन सरकार में उन्हें मंत्री भी बनाया जा सकता है। चर्चा तो यह भी है कि संभावित होने वाले उपचुनाव में नरोत्तम की जीत और विधायक बने तो वे फिर से प्रदेश के गृहमंत्री बन सकते है, क्योंकि प्रदेश में गृह मंत्री अभी कोई नहीं है गृह मंत्रालय फिलहाल सीएम मोहन यादव के ही पास है।
चुनाव हारे थे नरोत्तम मिश्रा
आपको बता दें कि बीते विधानसभा चुनाव में नरोत्तम मिश्रा को कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती ने चुनाव हरा दिया था। ऐसे में कयासों का दौर शुरू हो गया है कि अगर कोर्ट विधायक भारती को सजा सुनाती है तो उनकी विधायकी जा सकती है और उपचुनाव हो सकते है। उपचुनाव में भाजपा से नरोत्तम मिश्रा सबसे मजबूत चेहरा बनकर उभर सकते है।
क्या है पूरा मामला?
दरसअल, विधायक ने अपनी माता के नाम पर बैंक में करीब 10.50 लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट कराई थी, जिसकी अवधि तीन वर्ष तय थी और उस पर 13.50 प्रतिशत ब्याज मिल रहा था। आरोप है कि बाद में इस एफडी की अवधि में बदलाव कर उसे 3 साल से बढ़ाकर 15 साल कर दिया गया। जिसके बाद मामले को लेकर बैंक कर्मचारी नरेंद्र सिंह ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। शिकायत में एफडी की अवधि बढ़ाने को लेकर अनियमितता और गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था। अदालत ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए इसे धोखाधड़ी के दायरे में माना और केस दर्ज करने के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने विधायक को दोषी करार दिया।


