Bhopal Trains Diverted: यदि आप आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश, बिहार या मुंबई की तरफ ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अंतर्गत आने वाले जौनपुर जंक्शन पर बड़े पैमाने पर चल रहे कार्य के कारण भोपाल रेल मंडल से होकर गुजरने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों के रूट अस्थायी रूप से बदल दिए गए हैं।
इसलिए बदला रूट?
रेलवे अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, जौनपुर जंक्शन पर पटरियों को आधुनिक बनाने और सिग्नलिंग सिस्टम को अपग्रेड करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। यह ब्लॉक 4 मई से शुरू हुआ है और आगामी 27 मई तक प्रभावी रहेगा। रेलवे का कहना है कि भविष्य में ट्रेनों के सुरक्षित, समयबद्ध और बेहतर संचालन के लिए यह रिमॉडलिंग बेहद जरूरी है।
इंदौर-पटना समेत कई ट्रेनें प्रभावित
भोपाल रेल मंडल से गुजरने वाली और मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों से चलने वाली कई वीआईपी ट्रेनें इस ब्लॉक के कारण प्रभावित हुई हैं। इन ट्रेनों को जौनपुर के बजाय अन्य रूटों से गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है। जिनमें वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस, सूरत-छपरा ताप्ती गंगा एक्सप्रेस, इंदौर-पटना एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस और एलटीटी-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस शामिल है।
यहां से होकर चलेंगी ट्रेनें
रूट डायवर्जन के कारण ये सभी प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग के बजाय अब वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और अयोध्या के वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरेंगी। लंबा रास्ता तय करने की वजह से इन ट्रेनों के कुछ नियमित ठहराव अस्थायी रूप से निरस्त रहेंगे, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे की यात्रियों से अपील
ट्रेनों को लंबे और वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है, इसलिए इनके तय समय में बदलाव होना या ट्रेनों का देरी से चलना स्वाभाविक है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से असुविधा से बचने के लिए अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम ऐप या 139 हेल्पलाईन नंबर के जरिए ट्रेनों की लाइव लोकेशन और सही समय की जानकारी अवश्य ले लें।


