Chhatarpur Lpg Cylinder Crisis : छतरपुर में एलपीजी गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर नए नियम लागू किए गए हैं। अब घरेलू गैस सिलेंडर की दो बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिन का अंतर अनिवार्य कर दिया गया है, जबकि पहले यह अवधि 21 दिन थी। सरकार ने यह कदम जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने तथा सप्लाई को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है।
क्या कहते है एजेंसी संचालक?
स्वरूप गैस एजेंसी संचालक मनोज जैन ने बताया कि शहर में गैस सिलेंडरों की किसी प्रकार की कमी नहीं है और पर्याप्त गाड़ियां आ रही हैं। हालांकि बुकिंग सिस्टम धीमा होने के कारण कुछ समय लग रहा है, लेकिन जिन उपभोक्ताओं को OTP प्राप्त हो रहा है उन्हें नियमित रूप से सिलेंडर दिया जा रहा है। बुकिंग नंबर बदलने की अफवाहों को भी उन्होंने पूरी तरह गलत बताया।
होटलों में ग्राहकों की कमी
वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से कई रेस्टोरेंट और होटलों में ग्राहकों की संख्या कम देखी जा रही है। कुछ होटल संचालक कमर्शियल सिलेंडर की कमी के चलते कोयले की भट्टी से काम चला रहे हैं।
छतरपुर में गैस सिंलेंडर के दाम
मार्च 2026 के अनुसार छतरपुर में 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग 937 रुपये हो गई है, जो पिछले महीने की तुलना में 60 रुपये अधिक है। इधर छतरपुर कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गैस एजेंसी संचालकों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए हैं कि यदि DAC बुक नहीं है तो सिलेंडर नहीं दिए जाएं।
उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने साफ तौर पर कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई जगह सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद बुकिंग न होने से उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं, साथ ही कस्टमर केयर और बुकिंग सिस्टम में आ रही समस्याओं को भी जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।


