एमपी/छिंदवाड़ा/खबर डिजिटल/ छिंदवाड़ा जिले के सिंगोड़ी गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के नदी मोहल्ला में घर के सामने खेल रहे 3 वर्षीय मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान आ गए हैं। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद दादी ने साहस दिखाते हुए कुत्ते को खींचकर अलग किया, जिससे बच्चे की जान बच सकी।
कुत्ते ने बच्चे पर मारा झपट्टा
घटना के समय परिवार के लोग घर के सामने बैठे हुए थे और बच्चा खेल रहा था। इसी दौरान कुत्ते ने बच्चे पर झपट्टा मार दिया और चेहरे को बुरी तरह नोच लिया। बच्चे की दादी मुन्नी बाई ने बताया कि उन्होंने कुत्ते को पकड़कर पूरी ताकत से खींचा, तब जाकर कुत्ते ने बच्चे को छोड़ा। इसके बाद परिजन तुरंत घायल बच्चे को जिला अस्पताल छिंदवाड़ा लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
आवारा कुत्तों का आतंक
दादी मुन्नी बाई ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सिंगोड़ी क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से लगातार कुत्ते लोगों पर हमला कर रहे हैं। इस संबंध में कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सिंगोड़ी में आवारा कुत्तों से दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार सिंगोड़ी में बीते कुछ दिनों से बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं। ये कुत्ते कहां से आ रहे हैं, इसका किसी को पता नहीं है। कुत्तों के झुंड के कारण क्षेत्र में डर का माहौल है। लोग अकेले घर से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं, खासकर बच्चों को बाहर भेजना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि न तो अमरवाड़ा में बैठे जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहे हैं और न ही स्थानीय पंचायत कर्मी कोई कार्रवाई कर रहे हैं। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे अब मासूम बच्चों की जान भी खतरे में पड़ गई है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


