कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने दयोदय पशु सेवा केन्द्र गौशाला में किया गोवर्धन पूजन
गोवर्धन और गौ-पूजा कर जिले की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना
कटनी – मानवता के कल्याण, प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का संदेश देने वाला गोवर्धन पूजा पर्व बुधवार को जिले के गांव-गांव में श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने कैलवारा खुर्द स्थित श्री दयोदय पशु सेवा केन्द्र गौशाला पहुंचकर गोवर्धन एवं गौ-पूजन किया, गौ-ग्रास अर्पित किया तथा जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने इस अवसर पर प्रकृति के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विकास डॉ. आर. के. सोनी, रवि खरे, सुनील उपाध्याय, मृदुल मिश्रा, श्रीराम पटेल, सुभाष जैन एवं श कैलवारा खुर्द के सरपंच सहित बड़ी संख्या में पशुपालक, किसान, समाजसेवी तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि गौसेवा एक पुण्य प्रकल्प है, जिसमें सरकार के साथ-साथ समाजसेवियों और पशुपालकों को भी आगे आना चाहिए। उन्होंने गौ-उत्पादों के उपयोग से जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कलेक्टर तिवारी ने कहा कि गौशालाओं को स्वावलंबी बनना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर होकर सतत सेवा कार्य कर सकें। उन्होंने आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना एवं सेक्स सार्टेड सीमेन तकनीक का लाभ उठाकर गौवंश की वृद्धि और आमदनी बढ़ाने की बात कही।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में गांव चनेहटा के ग्वालों की टोली द्वारा प्रस्तुत मनमोहक अहीर लोकनृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गोबर से निर्मित विशाल गोवर्धन पर्वत एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सजे ग्वाल-बालों की झांकी से पूरा परिसर ब्रजधाम का दृश्य प्रस्तुत कर रहा था।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने दयोदय पशु सेवा केन्द्र गौशाला में किया गोवर्धन पूजन
सम्बंधित ख़बरें


