बैतूल/ सचिन जैन/ खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के कोथलकुंड गांव के रहने वाले सीआरपीएफ के मुख्य आरक्षक संतोष कुमार दुबे ने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उन्हें गृहमंत्री दक्षता पदक एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के घने जंगलों में चलाए गए 15 दिन लंबे नक्सल विरोधी अभियान में साहस, सूझबूझ और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
नक्सल अभियान में मिली बड़ी सफलता
सुकमा जिले में चले इस विशेष ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। अभियान में कई नक्सलियों को मार गिराया गया और क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों को बड़ा झटका लगा। मुख्य आरक्षक संतोष कुमार दुबे ने इस पूरे अभियान में अग्रिम मोर्चे पर रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके चलते ऑपरेशन सफल रहा।
गांव और जिले में खुशी का माहौल
संतोष कुमार दुबे के सम्मान की खबर मिलते ही उनके गृह ग्राम कोथलकुंड सहित पूरे बैतूल जिले में खुशी और गर्व का माहौल बन गया। उनके चाचा श्याम नारायण दुबे, माता कौशल्या दुबे, बड़े भाई रमाकांत दुबे, जनार्दन दुबे, पंकज दुबे एवं नीरज दुबे सहित परिवारजनों और ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त किया।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
क्षेत्रवासियों ने कहा कि संतोष कुमार दुबे की यह उपलब्धि देश सेवा के प्रति समर्पण और साहस का प्रतीक है। उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।


