Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशDatia News: दतिया में दलित भाजपा पार्षद से मारपीट के बाद बवाल…...

Datia News: दतिया में दलित भाजपा पार्षद से मारपीट के बाद बवाल… रास्ता रोककर तोड़फोड़ और फायरिंग के आरोप

बेटे के साथ भी की मारपीट

दतिया/खबर डिजिटल/ दतिया में भाजपा पार्षद के साथ कथित मारपीट के बाद विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब शिकायत दर्ज कराने थाने जा रहे पार्षद और उनके परिजनों को रास्ते में रोककर दोबारा विवाद किए जाने का आरोप सामने आया। इस दौरान कार और लोडिंग वाहन में तोड़फोड़, पत्थरबाजी और फायरिंग के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, फायरिंग की घटना की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही इसकी वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, भाजपा पार्षद कोमल अहिरवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे अजय वाल्मीकि कथित तौर पर डंडा लेकर उनके घर पहुंचा। आरोप है कि उसने गेट खुलवाया और इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान अजय ने डंडे से पार्षद की बाईं कोहनी पर वार कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे से भी मारपीट का आरोप
पार्षद के मुताबिक, विवाद के दौरान लखन वाल्मीकि और सुमित वाल्मीकि ने उन्हें पकड़कर जमीन पर गिरा दिया। इसी बीच छोटू और अतुल वाल्मीकि के भी वहां पहुंचने की बात शिकायत में कही गई है। आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। पिता को बचाने के लिए पहुंचे बेटे तरुण के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, लखन ने तरुण की दाहिनी आंख के पास मुक्का मारा।

थाने जाते समय फिर आमना-सामना
घटना के बाद परिजनों और परिचितों के हस्तक्षेप से मामला फिलहाल शांत हुआ और आरोपी वहां से चले गए। इसके बाद पार्षद अपने बेटे तरुण, अरुण और भतीजे निवेष के साथ कार से थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए निकले। आरोप है कि भैरव मंदिर के पास पहुंचते ही एक बार फिर उनका रास्ता रोक लिया गया। पार्षद पक्ष के अनुसार, मौके पर अजय, लखन और सुमित मौजूद थे, जबकि कुछ देर बाद छोटू और अतुल भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान थाने जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई और उनकी कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी गई।

कार के शीशे तोड़ने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अजय ने डंडे से कार के सामने वाले शीशे पर वार किया। वहीं, अन्य आरोपियों ने सड़क पर पड़े ईंट-पत्थरों से वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। इसी दौरान पार्षद के भाई रवि अहिरवार के पास खड़े लोडिंग वाहन ‘छोटा हाथी’ में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया गया है। पार्षद पक्ष ने घटनाक्रम के दौरान पत्थरबाजी के साथ गोली चलने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

क्षेत्र में फैला तनाव
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। अब जांच के आधार पर यह तय होगा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और तोड़फोड़ व फायरिंग के आरोपों में कितनी सच्चाई है। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट