देवास/धर्मेंद्र योगी/ खबर डिजिटल/ नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। वार्ड क्रमांक 45 में पानी की टंकी की सफाई के दौरान अत्यधिक गंदा, मटमैला और बदबूदार पानी निकलता देखा गया, जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया। घटना को लेकर कांग्रेस पार्षद एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि राहुल पंवार ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से 23 से 24 लोगों की मौत के बाद भी देवास नगर निगम ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
महीनों से नहीं हुई थी टंकियों की सफाई
राहुल पंवार ने बताया कि घटना के 15 से 20 दिन बाद अब जाकर टंकियों की सफाई शुरू की गई है, जबकि कई महीनों से नियमित सफाई नहीं कराई गई थी। उन्होंने इसे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया। पार्षद ने आरोप लगाया कि अमृत-1 और अमृत-2 जैसी करोड़ों रुपये की योजनाओं के बावजूद कई वार्डों में न तो पाइपलाइन बिछी है और न ही नियमित जल आपूर्ति हो रही है। मजबूरी में लोग बोरिंग, हैंडपंप या दूर-दराज से पानी लाने को मजबूर हैं।
पानी की जांच और कार्रवाई की मांग
राहुल पंवार ने मांग की कि जल प्रदाय के समय पानी के सैंपल लेकर सार्वजनिक जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता आंदोलन के लिए मजबूर होगी।


