डिंडौरी/शैलेश नामदेव/ खबर डिजिटल/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले भर की सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों को सुरक्षा उपायों में तेजी लाने और लापरवाही पर कड़े निर्देश दिए गए।
NH-45 के एक्सीक्यूटिव इंजीनियर को नोटिस
कलेक्टर ने जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे (NH-45) के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर की बैठक में अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, नगर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर पालिका को तुरंत कार्रवाई करने को कहा।
दुर्घटना संभावित मोड़ों पर सुधार कार्य तेज करने के निर्देश
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने निर्देश दिए गए है कि सभी खतरनाक मोड़ों पर संकेतक बोर्ड, स्पीड वार्निंग और रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। किकरझर घाट के अत्यधिक दुर्घटना संभावित मोड़ को सीधा करने की प्रक्रिया तेज की जाए। शारदा टेकरी मोड़, मूसरघाट नेवसा मोड़ तथा किकरझर घाट के चिन्हित मोड़ों पर तत्काल सुधार कार्य किया जाए। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई सुनिश्चित की जाए। नगर क्षेत्र में यातायात सुधार के निर्देश दिए गए हैं। साकेत नगर रोड पर सड़क मरम्मत और नाली निर्माण समयसीमा में पूरा किया जाए।वीरांगना रानी अवंतीबाई चौक के आसपास के अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व विभाग और नगर पालिका संयुक्त कार्रवाई करें।शहर में बढ़ते अवैध पार्किंग की समस्या को देखते हुए ऑटो पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने को कहा गया। पुरानी डिंडौरी में सड़क किनारे लगने वाली सब्जी मार्केट को रेस्ट हाउस के नीचे चिन्हित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए, जिससे यातायात सुगम रहे और दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान मिल सके।
हिट एंड रन मामलों की समीक्षा
1 जनवरी 2024 से 30 अक्टूबर 2025 तक जिले में 28 हिट एंड रन प्रकरण दर्ज हुए। इन मामलों की रोकथाम के लिए सड़क संकेतक, रात्रिकालीन निगरानी और जागरूकता कार्रवाइयों पर जोर दिया गया।
गोवंश सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटना रोकथाम
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मार्गों पर घूमते पशु दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं। नगर परिषद को सड़कों से गोवंश हटाकर गौशाला भेजने के निर्देश दिए गए।
ग्राम क्षेत्रों में कोटवार मुनादी कर लोगों को जागरूक करेंगे
रात में दुर्घटना रोकने हेतु गोवंश के सींग और गले में रेडियम पट्टी लगाने को अत्यंत आवश्यक बताया गया।
राहवीर योजना (Good Samaritan) 2025 पर चर्चा
गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने को बढ़ावा देने हेतु गंभीर घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि और प्रमाणपत्र की जानकारी जनता तक पहुंचाने पर बात हुई। ऐसे सहयोगियों को राहवीर की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 10 राहवीरों को 1 लाख रुपये से सम्मानित किया जाएगा। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों का जीवन बचाना और समय पर उपचार सुनिश्चित करना है।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में एसपी वाहिनी सिंह, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, परिवहन अधिकारी सुरेंद्र गौतम, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी सम्मिलित रहे।


