मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला पंचायत सीईओ (IAS)इच्छित गढ़पाले ने राजगढ़ में मानवता और सम्मान की मिसाल पेश की है। जिला पंचायत में वर्षों तक सेवा देने वाले एक ड्राइवर की रिटायरमेंट विदाई को उन्होंने खास बना दिया।
आमतौर पर अधिकारी और कर्मचारियों के बीच औपचारिक दूरी देखी जाती है, लेकिन यहां नजारा अलग था। विदाई समारोह के बाद जब ड्राइवर के घर जाने का समय आया, तो CEO इच्छित गढ़पाले खुद ड्राइविंग सीट पर बैठे और उन्हें सम्मानपूर्वक घर तक छोड़ने पहुंचे।
सालों तक अधिकारियों को मंज़िल तक पहुंचाने वाले कर्मचारी के लिए यह पल बेहद भावुक और गर्व से भरा रहा। इस अनोखे सम्मान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग IAS अधिकारी की सादगी, संवेदनशीलता और विनम्रता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। राजगढ़ से आई यह तस्वीर बताती है कि बड़े पद से नहीं, बड़े दिल से पहचान बनती है।
