झाबुआ/नावेद रजा/खबर डिजिटल/पुलिस ने अपनी त्वरित और सराहनीय कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर एक 12 वर्षीय गुमशुदा बालक को सुरक्षित ढूंढ निकालने में सफलता हासिल की है। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया है, वहीं पुलिस अधीक्षक ने इस कार्य के लिए ₹10,000 के नकद इनाम की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 12.10.2025 को शासकीय बालक आश्रम बड़ा सेमलिया से 12 वर्षीय एक बालक गुम हो गया था। सूचना मिलते ही तत्काल थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 768/2025, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।गुमशुदगी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ ने तुरंत विशेष टीमें गठित कीं। इन टीमों ने बिना समय गंवाए सघन सर्चिंग अभियान चलाया, विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सूचनाएं एकत्रित कीं। पुलिस के सतत प्रयासों के फलस्वरूप, बालक को अगले ही दिन चौकी कंजावानी के ग्राम समोई से सुरक्षित खोज निकाला गया।
पुलिस अधीक्षक ने इस सराहनीय कार्य के लिए टीम को ₹10,000/- (दस हजार रुपए) का नकद इनाम देने की घोषणा की है। इस सफल ऑपरेशन में थाना प्रभारी आर. सी. भास्करे, सउनि राजेश गुर्जर, सउनि ज्ञानबहादुर सिंह, सउनि धनंजय सिंह सेंगर और आरक्षक गणेश की विशेष भूमिका रही। बालक के सुरक्षित घर लौटने पर उसके माता-पिता और परिजनों ने थाना प्रभारी सहित पूरी पुलिस टीम का हृदय से धन्यवाद दिया।


