भोपाल, खबर डिजिटल। मध्यप्रदेश की राजनीति में निगम-मंडल एवं प्राधिकरणों की नियुक्तियों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच सोमवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके निवास पर अचानक मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष से दिल्ली में लंबी चर्चा की थी। माना जा रहा है कि उसी सिलसिले में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह भोपाल दौरा और मुलाकात अहम मानी जा रही है।
भाजपा संगठन और सरकार के बीच तालमेल के लिहाज से निगम-मंडल एवं प्राधिकरणों की नियुक्तियाँ लंबे समय से लंबित हैं। आगामी दिनों में इन नियुक्तियों की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को संगठन की रणनीति और सत्ता संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ नेताओं की इन बैठकों के बाद नियुक्तियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज हो सकती है।


