श्योपुर/धीरज बालोटिया/खबर डिजिटल/ जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोई कलां में मंगलवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी रंजिश के चलते एक ही परिवार के लोगों ने लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया। इस दौरान एक मासूम बच्चे की हत्या का प्रयास भी किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
लाठी-डंडे और फावड़े से किया गया हमला
जानकारी के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पक्ष ने घर में घुसकर हमला किया। आरोपियों ने न केवल महिलाओं और पुरुषों को निशाना बनाया, बल्कि एक मासूम बच्चे पर भी हमला करने की कोशिश की। बच्चा किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
इस हमले में शीला गौड़, पुरुषोत्तम गौड़, संतोष बाई गौड़ और सुनील गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी घायलों को घायल अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
देहात थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी ने बताया कि पीड़िता शीला पत्नी पुरुषोत्तम गौड़ की शिकायत पर कैलाश गौड़, नरेश गौड़ और लोकेश गौड़ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुरानी रंजिश की जांच जारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते हुआ। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद यह सवाल भी उठ रहे हैं कि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने क्यों रहे।


