भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ राजनीति में कई दशकों से अपनी छाप छोड़ने वाले पूर्व मंत्री कमल पटेल को लेकर अफवाहों बाजार गर्म हो गया, जब सोशल मीडिया पर उनके राजनीति से संन्यास लेने की खबर ने हड़कंप मचा दिया। इसके पीछे उनके बेटे की पोस्ट का हवाला दिया गया था। लेकिन बाद में सारी कहानी पूरी तरह से फर्जी निकली।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मचा बवाल
पूर्व मंत्री कमल पटेल के छोटे बेटे सुदीप पटेल के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही थी, जिसके बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाएं शुरु हो गई, इसमें बताया गया था कि पूर्व मंत्री कमल पटेल अपने 65वें जन्मदिन यानि 6 अक्टूबर पर चुनावी राजनीति से संन्यास की घोषणा करेंगे। वहीं इसके बाद चारों तरफ फोन घनघना उठे, लेकिन बाद में सच्चाई कुछ और ही निकली।
विपक्ष के नेताओं ने ली चुटकी
पूर्व मंत्री कमल पटेल के राजनीति से संन्यास लेने की खबर सामने आने के बाद प्रदेश के साथ हरदा जिले में सियासत में भी भूचाल आ गया। सत्ता पक्ष के लोग सच्चाई जानने में लग गए तो विपक्ष के कई नेताओं ने इस पोस्ट पर चुटकी ली। कई स्थानीय नेताओं और समर्थकों ने इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। हालांकि कुछ ही देर बाद पूर्व मंत्री के बड़े बेटे संदीप पटेल ने ही इंटरनेट मीडिया पर उस पोस्ट का खंडन कर दिया।
सुदीप पटेल की आईडी हो गई हैक
कमल पटेल के बड़े बेटे संदीप पटेल ने बताया कि उसके छोटे भाई सुदीप पटेल की इंटरनेट मीडिया आईडी हैक कर ली गई है। यह पोस्ट फर्जी है। इसके पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों का हाथ है। जिसकी जांच की जाना चाहिए। अपने बयान में संदीप ने यह भी लिखा कि मामले की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी भ्रामक पोस्ट या अफवाह पर ध्यान न दें। कमल पटेल और उनका परिवार हमेशा जनता के सुख-दुःख में साथ रहा है और आगे भी रहेगा।
पूर्व मंत्री कमल पटेल का भी आया बयान
पूर्व मंत्री कमल पटेल ने अपने संन्यास की अफवाहों को दरकिनार करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं और आगे भी रहेंगे। साथ ही वो बोले कि मेरे राजनीतिक जीवन का फैसला मैं स्वयं लूंगा। मेरे प्रतिद्वंद्वी इस तरह की अफवाहें फैलाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।


