भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक शराबी व्यापारी का 3 करोड़ का सोना चोरी हो गया था, जब वो कार में शराब के नशे में सो गया था।
जिसमें पुलिस ने 3 करोड़ 45 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा किया है। जहां एक ज्वेलरी व्यापारी के कार में सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग चोरी हो गया था। दरअसल व्यापारी शराब के नशे में कार में ही सो गया था और चोरों ने मौका पाकर बैग गायब कर दिया।
पुलिस ने किया मामले का खुलासा
3 करोड़ रुपये के सोना चोरी मामले में पुलिस टीम जांच कर रही थी, जिसका खुलासा 9 अक्टूबर को किया। पुलिस ने महज़ कुछ दिनों में दो आरोपियों हरिश यादव और दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से 3 किलो 330 ग्राम सोना, 803 ग्राम चांदी और साढ़े 4 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। बरामदगी की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 45 लाख रुपये आंकी गई है।
क्या है पूरा मामला
बता दें कि 6 अक्टूबर की रात न्यू श्री महावीर आदर्श ज्वेलर्स का संचालक रामबाबू राठौर बीना से लौटते समय भानपुर के पास ढाबे पर खाना खाकर शराब के नशे में अपनी कार में ही सो गया। सुबह जब उनकी नींद खुली तो बैग गायब था। उसने तुरंत निशातपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने 1 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद से छोला मंदिर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात कबूल की। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि व्यापारी के पास इतना सोना कहां से आया और क्या सभी जेवर कानूनी रूप से खरीदे गए थे।


