हरदा/नौशाद खान/खबर डिजिटल/ जिले में फिर से एक पुलिस अधिकारी ने शर्मसार करने वाली घटना को अंजाम दिया। एक पीड़ित महिला ने पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। दरअसल टिमरनी की रहने वाली एक महिला ने देर रात ट्रैफिक थाने में पदस्थ एएसआई सुरेंद्र मालवीय के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि 16 दिसंबर को दोपहर करीब 3 बजे एएसआई ने पगार बढ़ाने का लालच देकर उसके साथ दुष्कर्म किया, और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
सिविल लाइन थाने में दर्ज हुआ मामला
सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पीड़ित महिला (42) पिछले दो साल से अपने गांव से हरदा आकर झाड़ू-पोछा का काम कर रही है। वह आरोपी एएसआई सुरेंद्र मालवीय के अलग-अलग किराए के मकानों में साफ-सफाई का काम करती थी। जिससे एएसआई ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 16 दिसंबर को दोपहर करीब 3 बजे वह आरोपी के घर पर काम निपटाने के बाद जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान एएसआई मालवीय ने पगार बढ़ाने और अपने घर पर स्थायी तौर पर काम पर रखने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
लोक-लाज के डर से पीड़िता रही चुप
लोक-लाज के डर से पीड़ित ने शुरुआत में घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। बाद में महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी एएसआई सुरेंद्र मालवीय के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 351(3) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


