झाबुआ/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/जिले के पत्रकारों के लिए स्थानीय पीजी कॉलेज मैदान पर 19 से 21 दिसंबर तक तीन दिवसीय झाबुआ मीडिया ट्रॉफी-2.0 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों द्वारा प्रतिदिन कॉलेज मैदान पर अभ्यास भी किया जा रहा है। अब तक जिले की 13 टीमों का पंजीयन और खिलाड़ियों का चयन पूर्ण हो चुका है। टूर्नामेंट को लेकर पत्रकारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन समिति के सदस्य भूपेंद्रसिंह गौर एवं पीयूष गादिया ने बताया कि झाबुआ जिले के पत्रकारों के मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक स्फूर्ति के उद्देश्य से यह द्वितीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी एवं नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अन्य व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
शुभारंभ से समापन तक होंगे कई विशिष्ट अतिथि
टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मप्र शासन की कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानू भूरिया, नगरपालिका अध्यक्ष कविता सिंगार, नपा उपाध्यक्ष लाखनसिंह सोलंकी एवं भाजपा खेल प्रकोष्ठ संयोजक शैलेष बिट्टू सिंगार उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथि के रूप में कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह मौजूद रहेंगे
द्वितीय दिवस 20 दिसंबर को अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रांका, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनल जसवंतसिंह भाबोर, सामाजिक महासंघ जिलाध्यक्ष डॉ. नीरजसिंह राठौर एवं सकल व्यापारी संघ अध्यक्ष संजयकुमार कांठी शामिल होंगे।वहीं 21 दिसंबर को समापन अवसर पर मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनीता चौहान, पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेष दुबे को आमंत्रित किया गया है।
प्रतिदिन 4 मैच, 8-8 ओवर का होगा मुकाबला
आयोजक मुकेश परमार एवं मुजम्मिल लाला खान ने बताया कि प्रतिदिन 8-8 ओवर के 4 मैच खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम में 9 खिलाड़ी होंगे। सभी टीमों को ड्रेस कोड प्रदान किया गया है। निर्णायक मंडल में लालाभाई कप्तान, अमजद खान, उमंग सक्सेना एवं उदय बिलवाल को शामिल किया गया है।
आयोजन को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए प्रचार-प्रसार व्यापक स्तर पर किया गया है। प्रतियोगिता के लिए आवश्यक नियम व शर्तें भी लागू की गई हैं। तीन दिनों तक कॉलेज मैदान पत्रकारों के क्रिकेट कौशल और खेल भावना का गवाह बनेगा।


