विदिशा। कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने मंगलवार को लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक के दौरान शासकीय कार्यालयों में पदस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोपहिया वाहन से कार्यालय आते हैं, वे अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।
कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है। हेलमेट का उपयोग सिर्फ नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से अपील की कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को इस नियम के पालन के लिए प्रेरित करें।
गृह विभाग मध्यप्रदेश एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत यह निर्देश दिए गए हैं, ताकि सरकारी कर्मचारियों में यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित हो और वे आम नागरिकों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करें।


