सबहेड:बरही में बिना नंबर ट्रैक्टर से खुलेआम हो रहा था परिवहन, प्रशासन की निगरानी पर सवाल
खबर डिजिटल संवाददाता कटनी/बरही–जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने के दावे लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। ताजा मामला बरही थाना क्षेत्र का है, जहां खुलेआम बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था, जिससे प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।21 अप्रैल 2026 को पुलिस की देहात भ्रमण के दौरान ग्राम परसवारा मोड़ पर एक नीले रंग का न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ा गया, जो रेत से भरा हुआ था। हैरानी की बात यह रही कि वाहन बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहा था, फिर भी अब तक किसी की नजर इस पर नहीं पड़ी।मौके पर चालक जय प्रकाश पटेल (27) निवासी परसवारा मिला, जो रेत परिवहन से जुड़े कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन को जप्त कर थाना परिसर में खड़ा किया, लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर इतने लंबे समय से अवैध परिवहन कैसे चलता रहा?स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रेत माफिया लंबे समय से सक्रिय हैं और रात के समय बड़े पैमाने पर अवैध खनन और परिवहन किया जाता है। बावजूद इसके कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह जाती है।हालांकि पुलिस ने इस कार्रवाई को अपनी उपलब्धि बताया है, लेकिन एक वाहन की जप्ती से समस्या का समाधान नहीं होता। जरूरत इस बात की है कि पूरे नेटवर्क पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, वरना अवैध रेत का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
