Sarafa Chowpatty: इंदौर/नरेंद्र महावर/खबर डिजिटल/ राजबाड़ा की मशहूर सराफा चौपाटी जल्द ही नए स्वरुप में दिखाई देने वाली है। मंगलवार को हुई बैठक के बाद रात में लग लगने वाली सराफा चौपाटी के लिए सख्त फैसले लिए गए हैं, ताकि इसकी पुरानी पहचान बरकरार रहे, लगातार गिरती रेटिंग को संभाला जा सके।
चाइनीज स्टॉलों पर प्रतिबंध की तैयारी
बैठक में चर्चा के बाद फैसला लिया गया है कि सराफा चौपाटी पर मोमोज और चाइनीज व्यंजन बेचने वाली कई नई दुकानों को बंद कराया जाएगा, साथ ही पुरानी पारंपरिक 80 दुकानों को ही चौपाटी को गुलजार करने का जिम्मा दिया गया है, ताकि पुरानी साख बनी रहे और किसी भी तरह की अव्यवस्था ना फैले, सभी अनधिकृत दुकानें, ठेले और खोमचे भी हटाए जाएंगे।
80 परम्परागत दुकानों को ही परमिशन
मंगलवार को नगर निगम और व्यापारी एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई थी, इसमें फैसला लिया गया है कि जो पुरानी 80 दुकानें लगा करती थी, उसकी सूची एसोसिएशन के पास है, उन्हें ही चौपाटी पर व्यापार करने दिया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था ना फैले। प्रशासन ने माना कि सराफा चौपाटी दुनियाभर में प्रसिद्ध है, जिसके ऐतिहासिक व्यंजनों को जीवित रखकर ही मूल पहचान सुरक्षित रखी जा सकती है।
नगर निगम की सख्त तैयारी
सराफा चौपाटी को लेकर लिए निर्णय को पूरी कठोरता के साथ लागू किया जाएगा। जिसके लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार रात से ही इलाके में मुनादी कराकर दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दे दी गई थी कि बुधवार रात से निर्धारित 80 दुकानों को छोड़कर अन्य सभी अनधिकृत दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।


