निगमायुक्त तपस्या परिहार का नवाचार — निगम कार्यालय में आयोजित हुई समय-सीमा बैठक
शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं महत्वपूर्ण पत्रों की समीक्षा — अधिकारियों को टीम भावना के साथ प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश
कटनी — नगर निगम प्रशासन के माध्यम से संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और प्राप्त महत्वपूर्ण पत्रों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी प्राथमिकताएँ तय कर टीम भावना से कार्य करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुँच सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण भवन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अपूर्ण आवासों की समीक्षा की। नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल ने बताया कि इस सप्ताह 10 अपूर्ण आवासों को पूर्ण कराया गया है। इस पर निगमायुक्त ने नवंबर माह में 50 आवास पूर्ण कराने एवं एक सप्ताह में मृत्यु प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक और नोडल अधिकारी अनिल जायसवाल को हितग्राहियों से बकाया राशि की वसूली माह के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
उपयंत्री मोना करेरा ने बताया कि विद्युतीकरण कार्य के तहत अब तक 44 पोल लगाए जा चुके हैं। इस पर निगमायुक्त ने कार्य शीघ्र पूर्ण कर 20 दिसंबर के बाद आगे की कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — लक्ष्य अनुरूप करें प्रयास
राजस्व वसूली की समीक्षा में निगमायुक्त ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य अनुरूप वसूली नहीं होने पर बकाया लक्ष्य बढ़ता जाएगा। अतः वसूली कार्य को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने उपायुक्त शैलेष गुप्ता को राजस्व वसूली की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए और कहा कि वसूली टीम नागरिकों को ई-केवाईसी कराने हेतु भी प्रेरित करे। बड़े बकायादारों से वसूली के लिए दल गठित कर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ करने तथा निगम स्वामित्व की दुकानों के बकायेदारों पर तालाबंदी और नल विच्छेदन जैसी कार्यवाहियाँ प्रस्तावित करने के निर्देश दिए।
हाईटेक फायर स्टेशन के लिए भूमि चयन के निर्देश
निगमायुक्त ने नगर में हाईटेक फायर स्टेशन के निर्माण हेतु 3.5 एकड़ शासकीय भूमि का चिन्हांकन कर शीघ्र कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बताया गया कि पूर्व में फायर स्टेशन हेतु पुरैनी में भूमि चयनित कर आवंटन की माँग की जा चुकी है।
स्वनिधि योजना में तेजी लाने के निर्देश
स्वनिधि योजना की समीक्षा में सिटी मिशन मैनेजर ने बताया कि अब तक प्राप्त 225 आवेदनों में से 111 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। इस पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए बाजार क्षेत्रों में हितग्राहियों से सीधा संपर्क कर उन्हें योजना की जानकारी देकर लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने एनपीए प्रकरणों और संबल योजना के पुराने मामलों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
अन्य विषयों पर भी हुई चर्चा
बैठक में विधानसभा के लंबित प्रश्नों पर शीघ्र कार्यवाही, आउटडोर मीडिया से आय वृद्धि के प्रयास, आईएचएसडीपी योजना के भवनों पर अतिक्रमण हटाने, परिषद सम्मेलन से पूर्व परिषद कक्ष का सुव्यवस्थित प्रबंधन, रिकॉर्ड रूम के पुनर्गठन, आधार से ई-केवाईसी में गति लाने और महत्वपूर्ण पत्राचारों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।


