सिवनी/ विशाल भारद्वाज/ खबर डिजिटल/ कलार बाकी से पलारी रोड पर स्थित घने जंगलों के बीच बसे प्रसिद्ध मां बंजारी धाम, गुल्लू घाट में इन दिनों धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिल रहा है। यहां संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण एवं श्री देवी पाठ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

जगतगुरु स्वामी प्रज्ञानंद सरस्वती जी के श्रीमुख से कथा
इस पावन आयोजन का वाचन परम पूज्य धर्म सम्राट श्री जगतगुरु स्वामी प्रज्ञानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। उनके ओजस्वी प्रवचनों और मधुर भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।
15 वर्षों से लगातार हो रहा आयोजन
मां बंजारी धाम सेवा समिति एवं ग्रामवासियों के सहयोग से यह आयोजन पिछले 15 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं जल कल्याण की कामना करना है।
चौथे दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
वर्तमान में श्रीमद् भागवत महापुराण का चौथा दिन चल रहा है। कथा श्रवण के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे धाम परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा।
24 से 31 जनवरी तक मेला
आयोजन के साथ ही 24 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक धार्मिक मेले का भी आयोजन किया गया है। समापन अवसर पर 31 जनवरी 2026, शनिवार को हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन रखा गया है।


