सिवनी/ खबर डिजिटल/ गणतंत्र दिवस समारोह, नई दिल्ली से लौटने पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय पी.जी. कॉलेज, सिवनी की एनसीसी कैडेट अंडर ऑफिसर प्राची ताराम, सीनियर अंडर ऑफिसर निखिल चौरे एवं गणतंत्र दिवस समारोह भोपाल से लौटी एनएसएस स्वयंसेवक दिशा बघेल का महाविद्यालय परिसर में भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर चयन होकर गणतंत्र दिवस जैसे गौरवपूर्ण समारोह में सहभागिता करने से महाविद्यालय के साथ-साथ पूरे जिले का मान बढ़ा है।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार द्वारा तीनों विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर, तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित स्टॉफ, एनसीसी अधिकारी एवं एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयं सेवकों ने तालियों एवं ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ उनका स्वागत किया तथा उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएँ दीं। पूरे महाविद्यालय परिसर में देशभक्ति एवं गर्व का वातावरण बना रहा।
पी.जी. कॉलेज के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक ने जानकारी देते हुए बताया कि कैडेट अंडर ऑफिसर प्राची ताराम ने गणतंत्र दिवस समारोह दिल्ली में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय एनसीसी का प्रतिनिधित्व किया। वहीं निखिल चौरे ने गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पी.एम. रैली में स्पेशल एनआईसी के माध्यम से सहभागिता की। साथ ही एनएसएस स्वयंसेवक दिशा बघेल ने गणतंत्र दिवस समारोह भोपाल में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य स्वागत रैली का आयोजन किया गया, जो मुख्य मार्ग से प्रारंभ होकर पोस्ट ऑफिस चौक, सोमवारी चौक से होते हुए महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। इसके पश्चात् महाविद्यालय के सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समस्त स्टॉफ एवं विद्यार्थियों ने तीनों प्रतिभागियों का फूल मालाओं एवं पुष्पगुच्छों से स्वागत किया।

समारोह में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ रविशंकर नाग एवं जनभागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पाण्डेय द्वारा विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।
इसके पूर्व गणतंत्र दिवस समारोह दिल्ली से लौटी प्राची ताराम का बस स्टैंड पर भव्य स्वागत किया गया। परिवार जनों, महाविद्यालय स्टॉफ व एनसीसी केडेट्स ने फूल मालाओ से स्वागत किया। वाहन रैली के रूप में प्राची को ढ़ोल बाजे के साथ दुर्गावती चौक,शौर्य चौक, डुंडा सिवनी होते हुए घर लाया गया। शौर्य चौक पर पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी श्री ओमेश्वर ठाकरे द्वारा प्राची को बेच लगाकर व पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया।कहा कि आपकी उपलब्धि कई विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
उल्लेखनीय है कि उक्त राष्ट्रीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि प्रदेश के कैडेट्स, अधिकारियों एवं प्रशिक्षण व्यवस्था की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रदान कीं। मुख्यमंत्री जी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जबलपुर ग्रुप को सीएम बैनर से सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल जबलपुर ग्रुप बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. रविशंकर नाग, जनभागीदारी अध्यक्ष अजय बाबा पाण्डेय एवं महाविद्यालय परिवार ने प्राची ताराम व तीनों विद्यार्थियों की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनका अनुशासन, परिश्रम एवं समर्पण अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करेगा। महाविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी हमारे कैडेट्स एवं विद्यार्थी इसी प्रकार महाविद्यालय, जिले एवं प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।
कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट पवन कुमार वासनिक द्वारा किया गया तथा एनएसएस अधिकारी गणेश मंतारे ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. हर्षा डेहरिया, डॉ. प्रशांत पाण्डेय, विशाल सूर्यवंशी, शैलेन्द्र जैन, के.सी. राउर, मनोज टेभरे, रंजीता कमलेश, डॉ. मुक्ता, डॉ. नायक, रामकुमार बघेल, डॉ. मानसिंह बघेल, राजू नामदेव, ज्ञानचंद उइके, उमाशंकर वर्मा, सतीश रजक, नरेश दहाके, रचना राय, गोविन्द बघेल सहित एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


