झिंझरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई — अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस को मिली सफलता
कटनी – पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमति नेहा पच्चीसीया एवं थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के मार्गदर्शन में चल रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत चौकी झिंझरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से शराब की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में शराब जब्त की है।
घटना का विवरण:
दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को अपराध नियंत्रण व क्षेत्र भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मेरून रंग की स्कूटी अवैध शराब लेकर कुआं गांव से गुलबारा बायपास होते हुए कटनी की ओर आ रही है। सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुलबारा बायपास रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास घेराबंदी कर स्कूटी सवार को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोनू उर्फ मनीष निषाद पिता चंद्रभान निषाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुठला थाना के पीछे पुरैनी बताया।
जांच के दौरान स्कूटी (क्रमांक MP21 ZF 1547) की डिक्की से 100 पाव लाल मसाला देशी मदिरा और सामने रखी बोरी से 234 पाव प्लेन देशी मदिरा, कुल 60.01 लीटर शराब बरामद की गई। आरोपी ने बताया कि वह शराब कुआं गांव के शराब दुकान के मैनेजर आलोक सिंह से लेकर आया था।
पुलिस ने शराब और स्कूटी को मौके पर ही जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका:
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी उनि राजेश दुबे के नेतृत्व में सउनि शशिभूषण सिंह, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, ब्रजभूषण तिवारी, आरक्षक सुरेश कोरी, चन्द्रकमल पाण्डेय, अजय सिंह, तथा महिला आरक्षक प्रीती पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


