खबर डिजिटल संवाददाता कटनी— बस स्टैंड चौकी में एक श्रमिक के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को हिरवारा कौड़िया निवासी श्रमिक अविनाश प्रजापति द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि बस स्टैंड चौकी में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 694 अनमोल कुमार एवं कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक बाल गोविंद प्रजापति ने बिना पर्याप्त तस्दीक और वैधानिक प्रक्रिया का पालन किए श्रमिक को चौकी में निरुद्ध किया तथा उसके साथ मारपीट की।प्रकरण में पुलिसकर्मियों पर गंभीर असंवेदनशीलता, पद के दुरुपयोग और आमजन के प्रति अनुचित व्यवहार के आरोप लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कटनी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर रक्षित केंद्र कटनी संबद्ध कर दिया है।मामले की निष्पक्ष जांच के लिए नगर पुलिस अधीक्षक कटनी को प्राथमिक जांच सौंपी गई है। साथ ही बस स्टैंड चौकी प्रभारी की भूमिका की भी जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
कटनी बस स्टैंड चौकी में श्रमिक से मारपीट का आरोप, दो पुलिसकर्मी निलंबित
सम्बंधित ख़बरें
