जबलपुर/खबर डिजिटल/मनीष तिवारी/ जबलपुर जिला कोर्ट परिसर में (Twisha Sharma Case) ट्विशा मौत मामले को लेकर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब मृतका के वकील अनुराग श्रीवास्तव ने न्यायिक प्रणाली और स्थानीय पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। (advocate anurag srivastava jabalpur) एडवोकेट अनुराग श्रीवास्तव का आरोप है कि कोर्ट परिसर में उनके और मीडिया कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हमला किया गया।
उन्होंने तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले के मुख्य आरोपी समर्थ सिंह को आखिर किस हैसियत से जज के चेंबर और बार रूम में दरवाजा बंद कर सुरक्षित बैठाकर रखा गया? वकील ने रोष जताते हुए यहां तक कह दिया कि ‘ज्यूडिशरी आरोपी के सपोर्ट में नजर आ रही है।’ उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) और मध्य प्रदेश के चीफ जस्टिस से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
दूसरी ओर, इस हंगामे और भारी विरोध के बीच जबलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी समर्थ सिंह को अपनी कस्टडी में लिया। हनुमानताल थाना प्रभारी सुभाष बघेल के नेतृत्व में जबलपुर पुलिस ने आरोपी को भोपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जिसके बाद भोपाल पुलिस की टीम आरोपी समर्थ सिंह को लेकर भोपाल के लिए रवाना हो गई है।
वहीं मृतका के परिजन सौरभ और उनके वकील ने एसआईटी (SIT) तथा स्थानीय पुलिस से आरोपी की तुरंत औपचारिक गिरफ्तारी की मांग उठाई है। इस पूरे मामले में वकील अनुराग श्रीवास्तव, थाना प्रभारी सुभाष बघेल और परिजन सौरभ के बयान भी सामने आए हैं, जिसके बाद से क्षेत्र में कानूनी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
