सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी— जिले में घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया परेशानी का कारण बनती जा रही है। शहर की गैस एजेंसियों में इन दिनों उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग घंटों लाइन में लगकर ई-केवाईसी कराने या अपनी समस्या का समाधान कराने का इंतजार कर रहे हैं।उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई लोगों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं हो पा रही है। कभी ओटीपी नहीं आने तो कभी सिस्टम में जानकारी अपडेट न होने जैसी समस्याओं के कारण लोगों को बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसियों में पर्याप्त व्यवस्था न होने से भीड़ बढ़ती जा रही है, जिससे महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता सुबह से लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन देर शाम तक उनका काम नहीं हो पाता।उपभोक्ताओं ने प्रशासन और गैस कंपनियों से मांग की है कि ई-केवाईसी की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और तकनीकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर के लिए परेशान न होना पड़े।
कटनी में गैस बुकिंग ठप, ई-केवाईसी के बावजूद उपभोक्ता परेशान
सम्बंधित ख़बरें


