खबर डिजिटल कटनी — सूत्रों के अनुसार जिला अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज को ठंड से बचने के लिए कंबल के बजाय खाली प्लास्टिक की बोरियां ओढ़कर सोते हुए देखा गया। इस घटना से जुड़ा वीडियो/फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि समाचार नेशन वायरल वीडियो/फोटो की पुष्टि नहीं करता।जानकारी के अनुसार, उक्त महिला 6 फरवरी को कोतवाली थाना क्षेत्र के सामने एक अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गई थी। सड़क दुर्घटना में महिला के पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। राहगीरों की मदद से उसे कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज पिछले कुछ दिनों से जनरल वार्ड में चल रहा है।सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में महिला मरीज अस्पताल के बिस्तर पर प्लास्टिक की बोरियों में लिपटी हुई दिखाई दे रही है, जिससे अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है।मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अपना पक्ष रखा है। नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। स्टाफ के अनुसार महिला अपना नाम और पता नहीं बता पा रही थी। उसे अस्पताल की ओर से कंबल उपलब्ध कराया गया था, लेकिन उसने कंबल फेंक दिया, जिसके बाद उसने पास में पड़ी खाली प्लास्टिक बोरियों को ओढ़ लिया।हालांकि, अस्पताल प्रशासन की इस दलील से स्थानीय लोग संतुष्ट नहीं हैं। लोगों का कहना है कि यदि मरीज की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, तो उसकी विशेष देखरेख और सुरक्षा सुनिश्चित करना अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी थी। एक घायल महिला को इस हाल में छोड़ देना स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और मानवीय संवेदनाओं पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
कटनी जिला अस्पताल से वायरल वीडियो ने उठाए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल
सम्बंधित ख़बरें
