Wednesday, November 4, 2026
Homeमध्यप्रदेशकटनीसतना में डायरिया का कहर: बेल का शरबत पीने के बाद 7...

सतना में डायरिया का कहर: बेल का शरबत पीने के बाद 7 साल के मासूम की मौत, परिवार के 3 सदस्य भर्ती

सतना।  उचेहरा ब्लॉक के आदिवासी बहुल परसमनिया क्षेत्र में डायरिया से 7 साल के मासूम की मौत के बाद हड़कंप मच गया है। बेल का शरबत पीने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

बेल का शरबत पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों के मुताबिक, परिवार ने करेला की सब्जी और रोटी खाने के बाद बेल का शरबत पिया था। इसके कुछ देर बाद किशुन दहिया की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टी-दस्त होने लगे। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक का भाई समेत तीन लोग अस्पताल में भर्ती

गुरुवार को परिवार के अन्य सदस्य शिवम दहिया (12), बाबूलाल दहिया (65) और शांति बाई (55) की हालत भी खराब हो गई। सभी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें सतना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है।

ग्रामीणों ने दूषित पानी पर जताई आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि परिवार लंबे समय से कुएं का पानी पी रहा था। ऐसे में दूषित पानी से डायरिया फैलने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, बीमारी की असली वजह को लेकर अभी तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से प्रभावित इलाके में मेडिकल टीम भेजने और जांच कराने की मांग की है। वहीं, मामले में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले और इंटीग्रेटेड सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) को जानकारी नहीं होने की बात भी सामने आई है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

यह खबर भी पढ़िये..

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट