Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP Weather Alert: नौतपा से पहले तप रहा मध्य प्रदेश, 41 जिलों...

MP Weather Alert: नौतपा से पहले तप रहा मध्य प्रदेश, 41 जिलों में लू का अलर्ट; 4 जिलों में रेड अलर्ट जारी

भोपाल।  मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई शहरों में सुबह 9 से 11 बजे के बीच ही तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा खतरनाक रूप ले सकती है।

भोपाल स्थित मौसम केंद्र (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 31 मई तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। शुक्रवार को प्रदेश के 41 जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 4 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना और सतना में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। इन जिलों में दिन के समय बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर, दमोह, रीवा, सीधी और सिंगरौली समेत 21 जिलों में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी तापमान सामान्य से काफी ज्यादा रहने की संभावना है।

20 जिलों में येलो अलर्ट

भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, रायसेन, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर और बालाघाट सहित 20 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

इधर इंदौर, देवास, धार, झाबुआ, आलीराजपुर और नर्मदापुरम संभाग के कुछ जिलों में लू का अलर्ट तो नहीं है, लेकिन तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में राहत की कोई संभावना नहीं जताई है। 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नौतपा के दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ सकती है।

यह खबर भी पढ़िये..

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट