भोपाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना योजना के पंजीयन काफी वक्त से बंद है, जबकि 18 साल से ऊपर की कई जरुरतमंद लाड़ली बहना प्रदेशभर में बढ़ चुकी है, इस मुद्दे को लेकर विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हुई। नए पंजीयन की समय-सीमा पर सरकार ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया, जबकि सीएम डॉ. मोहन यादव ने 5 साल में राशि तीन हजार रुपये करने का वादा दोहराया। विपक्ष ने लाड़ली बहना योजना को लेकर पूछे सवाल का जवाब नहीं मिलने पर विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
सदन में जमकर हुआ था हंगामा
मध्यप्रदेश की विधानसभा में लाड़ली बहना योजना के पंजीयन शुरु करने को लेकर जमकर हंगामा हुआ था, विविधायक महेश परमार ने लाड़ली बहना योजना को लेकर नए रजिस्ट्रेशन और राशि को तीन हजार रुपए करने को लेकर सवाल लगाया था। उनकी मांग थी कि योजना के लिए दोबारा पोर्टल खोला जाए और पात्र महिलाओं को जोड़ा जाए। उनका कहना था कि इसके उलट 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योजना से बाहर किया जा रहा है। जिस पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समय पर नए रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे, और राशि को तीन हजार रुपये तक बढ़ाने के वादे को दोहराया।
महिला बाल विकास मंत्री का जवाब
लाड़ली बहना योजना की नई पात्र महिलाओं के पंजीयन को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि किसी भी पात्र महिला का नाम नहीं काटा गया है। 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कियाकि फिलहाल नए पंजीयन की कोई तय समय-सीमा नहीं है और न ही राशि को तीन हजार रुपये करने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है। इस पर विधायक परमार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बहनों को धोखा दिया जा रहा है। तीन हजार रुपए देने का वादा कर सरकार बना ली गई। साथ ही कहा कि जिन बहनों को राशि दी जा रही है, उनको कार्यक्रम को सफल बनाने का जरिया बना लिया है। जिसके पीछे उन्होंने मंत्री विजय शाह और करण सिंह वर्मा के बयानों को दोहराया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने की मांग
लाड़ली बहनों के नए पंजीयन को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कहना है कि इसकी समयसीमा तय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नए नाम कब जोड़े जाएंगे, एक साल, दो साल, तीन साल यह बता दें। इस पर मंत्री ने कहा कि योजना में नए रजिस्ट्रेशन कब किए जाएंगे यह बताना संभव नहीं है। महिलाओं को किस किस तरीके से आत्मनिर्भर बनाएं इसके लिए सरकार काम कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस पर योजना को बंद करने का बयान देने का आरोप लगाया, और कहा कि कांग्रेस कहती है योजना बंद हो जाएगी।


