सौरभ श्रीवास्तव संवाददाता कटनी
आबादी क्षेत्र में शराब दुकान से बिगड़ रहा माहौल, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
कटनी– जिले के बरही नगर में आबादी क्षेत्र के बीच संचालित शराब दुकानों को हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज होता जा रहा है। गुरुवार को व्यापारी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवियों सहित बड़ी संख्या में नगरवासी तहसील कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।नगरवासियों का कहना है कि विजयराघवगढ़ और अमरपुर मार्ग पर स्थित शराब दुकानें रिहायशी इलाके के बीच संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल लगातार खराब हो रहा है। दुकानों के आसपास शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और युवतियों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने हाल ही में हुई एक मारपीट की घटना का भी हवाला देते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द ही इन दुकानों को हटाया नहीं गया, तो स्थिति और बिगड़ सकती है।ज्ञापन के माध्यम से नगरवासियों ने मांग की है कि शराब दुकानों को आबादी क्षेत्र से कम से कम एक किलोमीटर दूर स्थानांतरित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


