राजगढ़/धर्मराज सिंह/खबर डिजिटल/ राजगढ़ जिले के माचलपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल व्यवस्था को लेकर नागरिकों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी और आवश्यक सुविधाओं के अभाव से नाराज लोगों ने जनकल्याण समिति के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली रैली
प्रदर्शन के दौरान नागरिक ढोल-नगाड़ों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रैली निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे, जहां कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि माचलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से डॉक्टरों की कमी बनी हुई है, जिससे मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की मांग
नागरिकों ने मांग की कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे डॉक्टर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, साथ ही महिला डॉक्टर, ड्रेसर, स्टाफ नर्स सहित आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। ज्ञापन में कुल 10 सूत्रीय मांगें प्रशासन के सामने रखी गई हैं।
माचलपुर को कराया जाएगा बंद
जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, तो माचलपुर नगर को बंद कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
मांगें पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा आंदोलन
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और जनकल्याण समिति के सदस्य मौजूद रहे। नागरिकों का कहना है कि जब तक स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त डॉक्टर और सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जातीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


