MP Elderman Niyukti: मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश के 413 नगरीय निकायों में करीब 1800 नेताओं और कार्यकर्ताओं को अहम जिम्मेदारियां देने की योजना बनाई गई है। इसके तहत अनुभवी नेताओं को एल्डरमैन के रूप में नियुक्त किया जाएगा, जिससे संगठनात्मक पकड़ को और मजबूत किया जा सके।
नियुक्तियों का इंतजार…
दरअसल, लंबे समय से मध्यप्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को ध्यान में रखते हुए यह रणनीति तैयार की गई है। प्रदेश और जिला स्तर के बीच समन्वय बनाकर इस प्रस्ताव पर सहमति भी बन चुकी है और जल्द ही इसकी घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
एल्डमैनों की पहले नियुक्तियां
पार्टी का मानना है कि एल्डरमैन की भूमिका भले ही संवैधानिक रूप से सीमित हो, लेकिन यह पद संगठन के अनुभवी चेहरों को सक्रिय बनाए रखने और उन्हें सम्मान देने का माध्यम बनेगा। एल्डरमैन को परिषदों की बैठकों में मतदान का अधिकार नहीं होता, लेकिन वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मार्गदर्शन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सूत्रों की माने तो एल्डरमैन की नियुक्ति में उन्हीं नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका अनुभव आगामी चुनावों में पार्टी के लिए लाभ साबित हो सकता है। साथ ही, इन नियुक्तियों के जरिए परिषदों के कामकाज और विकास कार्यों की निगरानी भी की जा सके। सूत्रों का यह भी कहना है कि प्रदेश में एल्डमैनों की नियुक्तियां पहले की जाएंगी।
कहां कितने एल्डरमैन होंगे नियुक्ति?
फॉर्मूले के तहत 10 लाख से अधिक आबादी वाले 12 नगरीय निकायों में 4-4 एल्डरमैन, जबकि 10 लाख से कम आबादी वाले निकायों में 8-8 एल्डरमैन नियुक्त किए जाएंगे। नगर पालिकाओं में 6-6 और नगर परिषदों में 4-4 एल्डरमैन तैनात करने की तैयारी है।


