सतना/अंकित शर्मा/खबर डिजिटल/ मैहर जिले के रामनगर थाना अंतर्गत दधीच टोला के पास एक गड्ढे में भरे पानी में आदिवासी आश्रम शाला अधीक्षक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई, जिस पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। साथ ही सभी तथ्यों का गहनता के साथ परीक्षण किया जा रहा है।
दो वर्षों से अनुपस्थित थे शाला अधीक्षक
पुलिस ने बताया कि लल्लू दास पड़वार पुत्र चंदन लाल पड़वार 57 वर्ष, निवासी कस्तूरी पाला-डोंगरी, थाना राजेन्द्र ग्राम, जिला अनूपपुर, की ड्यूटी दुअरिया आश्रम शाला में अधीक्षक के तौर पर लगाई गई थी, मगर बीते दो वर्षों से वह बिना कोई सूचना दिए अनुपस्थित चल रहे थे। 3-4 दिन पहले अचानक वह दुअरिया लौटे और किराये के कमरे में रहने लगे, लेकिन मंगलवार की दोपहर उनकी लाश दधीच टोला में मुख्य मार्ग के किनारे नल-जल योजना कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे के पानी में पड़ी मिली, जिससे इलाके में हडकंप मच गया।
ग्रामीणों ने दी सूचना
ग्रामीणों से इस बात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचित करते हुए रामनगर बुलाया तो भाई अमित पड़वार समेत कई रिश्तेदार दोपहर बाद थाने पहुंचे, जहां पंचनामा बनाते हुए पोस्टमार्टम कराया गया। तब परिवार के लोग शव लेकर अनूपपुर लौट गए। अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लल्लू दास कब और कैसे गड्ढे में गिरकर मौत के मुंह में समा गए। वहीं परिवार के लोगों से भी विस्तृत बयान नहीं हो पाए हैं, जिसके कारण ड्यूटी से गायब रहने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया।


