रीवा/अरविन्द तिवारी/खबर डिजिटल/ रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गैंगवार को अंजाम दे डाला। पुरानी रंजिश के चलते विकास सिंह बघेल पर आधा दर्जन हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लहूलुहान हालत में युवक को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गए।
विकास सिंह बघेल पर फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, लौरी गांव निवासी विकास सिंह बघेल को हमलावरों ने सड़क पर घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने उसे दौड़ाया और कई राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली विकास सिंह के पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है।
युवक के पैर में फंसी गोली निकाली
सूत्रों के अनुसार, युवक के पैर में गोली फंस गई थी, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद डॉक्टरों ने निकाला। गढ़ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हमले की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।


