शाजापुर/कमल सूर्यवंशी/खबर डिजिटल/ जिले के मक्सी नगर में बसंत पंचमी के अवसर पर आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन के बाद असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने का प्रयास सामने आया है। शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने सार्वजनिक स्थल पर लगे सम्मेलन से जुड़े पोस्टर और बैनर फाड़ दिए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
महापुरुषों के चित्रों वाले पोस्टर बने निशाना
जानकारी के अनुसार श्रीराम गार्डन तालाब की पाल के पास लगाए गए करीब 20 बैनर-पोस्टर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। इन पोस्टरों पर भगवान श्रीराम, संत रविदास, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित कई अन्य महापुरुषों के चित्र और संदेश अंकित थे, जिन्हें फाड़े जाने से लोगों में नाराजगी देखी गई।
थाने में दर्ज हुआ मामला
घटना को लेकर हरीश पांडे ने मक्सी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
