मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में जिला शहर कांग्रेस कमेटी मुरैना ने भाजपा सरकार के कई मंत्रियों, मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई, साथ ही विजयवर्गीय समेत तीन मंत्रियों को बर्खास्त करने की मांग की गई।
तीन मंत्रियों को हटाने की मांग
नगरीय विकास मंत्री की कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में आज दोपहर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने पुरानी कलेक्ट्रेट कार्यालय पर पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मध्य प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग उठाई। मांग पूरी न होने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई। जानकारी के अनुसार जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पुरानी कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।
इंदौर में दूषित पानी से मौत पर सवाल
जिला अध्यक्ष गजेंद्र सिंह जाटव ने कहा कि इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और जहरीली कफ सीरप से बच्चों की मौत जैसे मामलों में सरकार की जवाबदेही तय नहीं हो पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री लगातार विवादों में घिरे हुए हैं और हाल ही में नगरीय विकास मंत्री द्वारा की गई टिप्पणी से जनभावनाएं आहत हुई हैं। कांग्रेस ने मांग की है कि संबंधित तीनों मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए। इस अवसर पर कांग्रेस विधायक दिनेश गुर्जर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


