मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ चंबल अंचल में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्ती लगातार जारी है। मुरैना वन मंडल की टीम ने राजघाट चंबल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। वन विभाग की टीम को देखते ही रेत माफिया ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया और राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाने लगा। वन अमले ने भी पीछा जारी रखा।
राजस्थान सीमा तक चला पीछा
जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में गेम रेंजर एवं वनमंडल स्टाफ ने दबिश देकर स्वराज कंपनी के ट्रैक्टर में भरी लगभग 2 घनमीटर अवैध चंबल नदी की रेत जब्त की। कार्रवाई के दौरान चालक ट्रैक्टर को मध्यप्रदेश की सीमा पार कर राजस्थान की ओर ले गया। टीम पीछा करते हुए धौलपुर जिले की सागरपाड़ा चौकी तक पहुंची। वहां चालक ट्रैक्टर से कूदकर फरार हो गया।
संयुक्त कार्रवाई में वाहन जब्त
मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर सागरपाड़ा चौकी, धौलपुर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर लिया है और वाहन राजसात (जब्ती) की कार्रवाई की जाएगी। जब्त ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
रेत माफिया में हड़कंप
गौरतलब है कि चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से रेत माफिया में हड़कंप की स्थिति है।


