छतरपुर। हरपालपुर नगर से एक बेहद मार्मिक घटना सामने आई है। यहां 6 साल के बेटे की मौत का सदमा उसकी मां सहन नहीं कर सकी और कुछ ही घंटों बाद उसने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मां-बेटे की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हरपालपुर के मोहल्ला स्टेशन निवासी रजिया खातून (36) अपने पति सुब्हान अहमद और छह वर्षीय बेटे हसनैन के साथ रहती थीं। परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर हसनैन को अचानक तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। हालत बिगड़ने पर उसे हरपालपुर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को नौगांव रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर उसे जिला अस्पताल छतरपुर भेजा गया।
छतरपुर पहुंचने से पहले बच्चे ने तोड़ा दम
परिजन हसनैन को कार से लेकर छतरपुर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि सफर के दौरान रजिया अपने बेटे को गोद में लेकर बैठी थीं। जब बच्चे के शरीर में कोई हरकत महसूस नहीं हुई तो उन्हें बेटे की मौत का अंदेशा हो गया। इसी दौरान उनकी तबीयत भी अचानक बिगड़ने लगी।
बेटे की मौत का सदमा नहीं झेल सकी मां
अस्पताल में डॉक्टरों ने रजिया का उपचार शुरू किया, लेकिन बेटे की मौत का गहरा सदमा वह बर्दाश्त नहीं कर सकीं। कुछ ही देर बाद उनकी भी मौत हो गई। मृतका के भाई मोहम्मद सलीम ने बताया कि बेटे की मौत की जानकारी मिलते ही रजिया पूरी तरह टूट गई थीं। मानसिक आघात का असर उनकी सेहत पर पड़ा और अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
पहले से संकट में था परिवार
परिजनों के मुताबिक परिवार पहले से ही गंभीर आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना कर रहा था। रजिया के पति सुब्हान अहमद चौथे चरण के कैंसर से पीड़ित हैं और लंबे समय से बिस्तर पर हैं। ऐसे में घर की अधिकांश जिम्मेदारियां रजिया ही संभाल रही थीं।
मायके में हुआ अंतिम संस्कार
मंगलवार शाम मां-बेटे के शव महोबा जिले के चरखारी स्थित मोहल्ला भैरोगंज लाए गए, जो रजिया का मायका है। दोनों के शव पहुंचते ही क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। परिजनों ने बताया कि पति की खराब स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अंतिम संस्कार की व्यवस्था चरखारी में की गई। वहीं, चरखारी कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई औपचारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
ये खबर भी पढ़ें…
