उमरिया/ केजी पांडेय/ खबर डिजिटल/ जिले के मानपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध ज्वालामुखी माता मंदिर में गुरुवार रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए माता की प्रतिमा की आंखें, गले की माला और दान पेटी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
सूचना मिलते ही मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। साथ ही फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक मुंह बांधकर मंदिर में प्रवेश करते दिखाई दिए हैं।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मंदिर से लाखों रुपये की चोरी हुई है। थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।


