राजगढ जिले ब्यावरा के बांकपुरा गांव में आयोजित महा किसान पंचायत में उस वक्त माहौल गरमा गया जब मत्स्य मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री नारायण सिंह पंवार ने मंच से बड़ा बयान देते हुए कहा, “कितना ही बड़ा उद्योगपति आ जाए, मुख्यमंत्री आ जाए, मैं इस्तीफा दूंगा, फिर आगे बात होगी।”
219 बीघा जमीन विवाद को लेकर आयोजित इस किसान महापंचायत में करीब 50 गांवों के किसान शामिल हुए। किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन पर दिलीप बिल्डकॉन कंपनी ने कब्जा कर लिया है, जबकि कंपनी प्रबंधन का कहना है कि जमीन सभी नियमों के तहत ली गई है।
मंत्री नारायण सिंह पंवार अपने ही ग्रह क्षेत्र में किसानों की समस्याएं सुनने पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के जनप्रतिनिधियों का समर्थन किसानों को मिलता दिखाई दिया।
कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह ने भी दो टूक कहा “दिलीप बिल्डकॉन या किसी भी निजी कंपनी को 1 इंच जमीन नहीं दी जाएगी।” मौके पर एसडीएम, तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मंत्री का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
